मजदूर किसान महाविद्यालय में धूमधाम से मनाया गया NSS स्थापना दिवस, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रही धूम

मजदूर किसान महाविद्यालय में धूमधाम से मनाया गया NSS स्थापना दिवस, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रही धूम

​पांकी
मजदूर किसान महाविद्यालय, डंडार कला, पांकी में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) का स्थापना दिवस उत्साह, उमंग और सामाजिक सरोकार के संकल्प के साथ मनाया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं में सेवा-भावना, अनुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा राष्ट्रनिर्माण की भावना को सुदृढ़ करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दिलीप कुमार राम, एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. बंशीधर सिंह एवं आईक्यूएसी समन्वयक डॉ. राजीव रंजन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। दीप प्रज्वलन के साथ ही एनएसएस के मूल उद्देश्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया। इसके पश्चात केक काटकर स्थापना दिवस का जश्न मनाया गया।
स्थापना दिवस पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। छात्र-छात्राओं ने गीत, संगीत और विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए पूरे माहौल को संगीतमय और जीवंत बना दिया।
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि एनएसएस महज एक संगठनात्मक गतिविधि नहीं, बल्कि युवाओं में सहयोग, अनुशासन, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सामाजिक चेतना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने और सकारात्मक बदलाव का वाहक बनने के लिए प्रेरित किया।
​कार्यक्रम में इनकी रही उपस्थिति
इस अवसर पर डॉ. जमशेद आलम, रामविलास सिंह, पंकज कुमार, खुर्शीद आलम, डॉ. स्मृति कुमारी, डॉ. पूनम कुमारी, मनीष कुमार रंजन, अमित कुमार, ललन कुमार, सुरेंद्र सिंह, राजेश सिंह सहित महाविद्यालय के अनेक शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी और एनएसएस स्वयंसेवक मौजूद रहे।