गिरिडीह–डुमरी NH-114A की बदहाल सड़क से बढ़ा हादसे का खतरा, दो साल से परेशानी
गिरिडीह–डुमरी मुख्य मार्ग NH-114A पर योगीटांड़, गिरिडीह स्टेडियम के समीप सड़क का क्षतिग्रस्त और संकरा हिस्सा करीब दो वर्षों से परेशानी का कारण बना हुआ है। शिकायत के बाद NHAI के परियोजना निदेशक कार्यालय, धनबाद ने मामले को संबंधित सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) कार्यालय को अग्रेषित कर दिया है।
शिकायतकर्ता सुनील खंडेलवाल ने बताया कि इस मार्ग से प्रतिदिन यात्री वाहन, भारी वाहन और दोपहिया गुजरते हैं। ऐसे में सड़क की मौजूदा स्थिति से दुर्घटना का खतरा बना रहता है। उन्होंने तत्काल तकनीकी निरीक्षण और स्थायी पुनर्निर्माण की मांग की है।
CCL ने पूर्व में स्पष्ट किया था कि सड़क NHAI के अधीन है। अब मांग की जा रही है कि स्थायी कार्य होने तक बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर और पर्याप्त रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था की जाए। शिकायतकर्ता ने कहा कि कार्रवाई केवल पत्राचार तक सीमित न रहकर जमीन पर दिखाई देनी चाहिए।

