गिरिडीह कॉलेज में कथित वित्तीय अनियमितता के खिलाफ अभाविप का धरना सातवें दिन जारी

गिरिडीह महाविद्यालय में कथित भ्रष्टाचार, वित्तीय अनियमितता, फर्जी हस्ताक्षर और सरकारी बैंक खाते से अवैध निकासी जैसे गंभीर आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) का शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन सातवें दिन भी जारी रहा। आंदोलन के तहत अभाविप के दो कार्यकर्ता नीरज चौधरी और अनीश रॉय लगातार भूख हड़ताल पर बैठे हैं, जिनके स्वास्थ्य में दिन-प्रतिदिन गिरावट आने की बात सामने आ रही है।
आंदोलन के दौरान विभिन्न समाजसेवी एवं जनप्रतिनिधि धरनास्थल पर पहुंचे और भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। इसी क्रम में भाजपा के संगठन मंत्री कर्मवीर सिंह एवं प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा भी धरनास्थल पर पहुंचे और आंदोलनरत छात्रों से मुलाकात की।
इस दौरान गणेश मिश्रा ने कहा कि छात्रों द्वारा प्रस्तुत किए गए दस्तावेजों को देखने के बाद महाविद्यालय में वित्तीय एवं प्रशासनिक अनियमितताओं के लगाए जा रहे आरोप गंभीर प्रतीत होते हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से मामले की शीघ्र जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।
अभाविप ने विश्वविद्यालय प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते मामले में ठोस एवं पारदर्शी कार्रवाई नहीं की गई और भूख हड़ताल पर बैठे कार्यकर्ताओं के स्वास्थ्य को लेकर आवश्यक कदम नहीं उठाए गए, तो आंदोलन को आगे और व्यापक किया जाएगा।