पीएम श्री कोकरो विद्यालय के 30 छात्र-छात्राओं ने किया भुवनेश्वर का शैक्षणिक भ्रमण
पलामू हरिहरगंज संवाददाता मनोज कुमार गुप्तापीएम श्री कोकरो विद्यालय के 30 छात्र-छात्राओं ने किया भुवनेश्वर का शैक्षणिक भ्रमण
हरिहरगंज/पलामू। प्रखंड के बिहार सीमा से सटे ढकचा पंचायत स्थित पीएम श्री कोकरो प्लस टू उच्च विद्यालय के 30 छात्र-छात्राओं ने उड़ीसा के भुवनेश्वर का दो दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण किया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरविंद कुमार गुप्ता ने बताया कि शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं कलात्मक विरासत से प्रत्यक्ष रूप से परिचित कराना था।
भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं को भुवनेश्वर स्थित स्टेट म्यूजियम सहित अन्य प्रमुख पर्यटन एवं दर्शनीय स्थलों का भ्रमण कराया गया। म्यूजियम में विद्यार्थियों ने आदिवासी संस्कृति से जुड़ी पोशाक, आभूषण, कलाकृतियां और घरेलू उपयोग की वस्तुओं को देखा। इन वस्तुओं के माध्यम से विद्यार्थियों को राज्य की सांस्कृतिक विरासत और जनजातीय जीवनशैली को करीब से समझने का अवसर मिला।
प्रधानाध्यापक ने कहा कि इस तरह के शैक्षणिक भ्रमण से बच्चों को कक्षा में पढ़ाए जाने वाले विषयों को व्यवहारिक और प्रत्यक्ष रूप से समझने में मदद मिलती है। दो दिनों के भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन स्थलों की जानकारी प्राप्त की, जिससे उनके ज्ञान का विस्तार हुआ।
प्रधानाध्यापक ने बताया कि विद्यार्थियों को स्टेट म्यूजियम के अलावा भुवनेश्वर के अन्य प्रमुख स्थलों का भी भ्रमण कराया गया। संबंधित स्थलों के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व की जानकारी भी विद्यार्थियों को दी गई। छात्रों ने बताया कि म्यूजियम में उन्हें कई नई और महत्वपूर्ण चीजें देखने को मिलीं। शैक्षणिक भ्रमण को लेकर सभी छात्र-छात्राओं में काफी उत्साह देखा गया।
भ्रमण दल में शिक्षक सीता राम और शुभम सौरभ शामिल थे। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार इस तरह के भ्रमण से विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम से इतर व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करने का अवसर मिलता है।
