जतरो में देवी मंदिर निर्माण को विधायक ने दिया सहयोग, छड़-सीमेंट का खर्च उठाने की घोषणा

जतरो में देवी मंदिर निर्माण को विधायक ने दिया सहयोग

मिशन जन कल्याण के तहत छत ढलाई के लिए छड़ व सीमेंट का खर्च उठाने की घोषणा, ग्रामीणों में खुशी

कांडी (गढ़वा)। कांडी प्रखंड अंतर्गत पतरिया पंचायत के जतरो गांव में मंगलवार को विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक नरेश प्रसाद सिंह पहुंचे। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर गांव की समस्याओं की जानकारी ली। विधायक के पहुंचने पर ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया।
ग्रामीणों ने विधायक को गांव में निर्माणाधीन देवी मंदिर के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि मंदिर का निर्माण लंबे समय से चल रहा है, लेकिन आर्थिक कठिनाइयों के कारण अब तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है। मंदिर समिति के अध्यक्ष एवं ग्रामीणों ने मंदिर निर्माण कार्य को पूरा कराने के लिए विधायक से सहयोग की मांग की।
ग्रामीणों की मांग सुनने के बाद विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने कहा कि उन्हें इससे पहले मंदिर निर्माण कार्य की जानकारी नहीं थी। ग्रामीणों द्वारा जानकारी दिए जाने के बाद उन्होंने मंदिर निर्माण में सहयोग का आश्वासन दिया। विधायक ने ‘मिशन जन कल्याण’ के तहत मंदिर की छत ढलाई में लगने वाले छड़ और सीमेंट का पूरा खर्च वहन करने की घोषणा की।
विधायक की घोषणा के बाद ग्रामीणों में खुशी का माहौल देखा गया। ग्रामीणों ने कहा कि मंदिर निर्माण में मिले सहयोग से लंबे समय से अधूरा पड़ा कार्य आगे बढ़ सकेगा और मंदिर के जल्द पूरा होने की उम्मीद जगी है। ग्रामीणों ने विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया।
मौके पर पिंटू यादव, सुरेंद्र पासवान, नंदू पासवान, विजय पासवान, विजय रविदास, सुमित्रा देवी, सुखिया देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। इस दौरान ग्रामीणों ने गांव की अन्य समस्याओं से भी विधायक को अवगत कराया और उनके समाधान की मांग रखी।