सीएसपी लूट की कोशिश नाकाम, दो अपराधी गिरफ्तार; पिस्टल-गोलियां और लूटी रकम बरामद
सीएसपी लूट की कोशिश नाकाम, दो अपराधी गिरफ्तार
ग्रामीणों ने दोनों अपराधियों को दबोचा, पिस्टल-गोलियां, लूटी गई रकम और चोरी की बाइक बरामद
मेदिनीनगर/लेस्लीगंज (पलामू)। लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के गोपालगंज स्थित झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक के रोहित सीएसपी में लूटपाट की कोशिश कर रहे दो अपराधियों को सीएसपी संचालक एवं स्थानीय ग्रामीणों ने पकड़ लिया। घटना के दौरान अपराधियों द्वारा फायरिंग किए जाने की सूचना भी पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही लेस्लीगंज थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को ग्रामीणों की भीड़ से सुरक्षित निकालकर हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पवन कुमार सिंह (21 वर्ष), पिता अजय कुमार सिंह, ग्राम पतीला, थाना तरहसी तथा रामबीर सिंह (20 वर्ष), पिता बुधराम सिंह, ग्राम बजलपुर, थाना तरहसी, जिला पलामू के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, दोनों की तलाशी के दौरान एक देशी पिस्टल, पांच जिंदा गोलियां, एक खोखा, सीएसपी से लूटे गए 7,100 रुपये, नोकिया की-पैड मोबाइल, काले रंग का बैग तथा सतबरवा थाना क्षेत्र के पोलपोल से लूटी गई पल्सर मोटरसाइकिल संख्या JH03AQ3836 बरामद की गई। अपराध के दौरान चेहरा छिपाने के लिए इस्तेमाल किया गया एक तौलिया और एक गमछा भी बरामद कर जब्त किया गया।
पूछताछ में पूर्व की सीएसपी लूट का खुलासा
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान पवन कुमार सिंह ने करीब दो माह पूर्व अपने सहयोगी राजा सिंह, पिता जसंवत सिंह, ग्राम जोरकट, थाना सदर, जिला पलामू के साथ मिलकर दो सीएसपी में लूट की घटना को अंजाम देने की बात बताई है। इनमें पांकी थाना क्षेत्र के तेतराई स्थित सीएसपी तथा मनातू थाना क्षेत्र के सेमरी मोड़ स्थित सीएसपी शामिल हैं। पुलिस इन मामलों में भी अग्रेतर कार्रवाई कर रही है।
पवन कुमार सिंह का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार पवन कुमार सिंह के विरुद्ध पूर्व में भी मामले दर्ज हैं। इनमें तरहसी थाना कांड संख्या 13/2023, तरहसी थाना कांड संख्या 03/2025 तथा बरवाडीह थाना कांड संख्या 81/2024 शामिल हैं।
इस मामले में लेस्लीगंज थाना कांड संख्या 135/2026, दिनांक 22 सितंबर 2026, के तहत धारा 317(5)/309(4) बीएनएस-2023 एवं 25(1-b)a/26/27/35 आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि दोनों गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
बरामद सामान
एक देशी पिस्टल
पांच जिंदा गोलियां
एक खोखा
पल्सर मोटरसाइकिल संख्या JH03AQ3836
एक नोकिया की-पैड मोबाइल
काले रंग का बैग
सीएसपी से लूटे गए 7,100 रुपये
एक तौलिया और एक गमछा
छापामारी दल
छापामारी अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, लेस्लीगंज (पांकी), पु०अ०नि० सुबीर किस्कू, स०अ०नि० हरेन्द्र पासवान, लेस्लीगंज थाना के रिजर्व गार्ड एवं चालक शामिल रहे।


