अवैध पत्थर खनन के खिलाफ छापेमारी, जिलेटिन समेत विस्फोटक सामग्री और मशीनें जब्त

गिरिडीह। जिले के जमुआ प्रखंड की मेढ़ोचपरको पंचायत के गोविंदपुरा में कथित अवैध पत्थर खनन के खिलाफ सोमवार को जिला प्रशासन ने कार्रवाई की। उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर खोरीमहुआ अनुमंडल प्रशासन और खनन विभाग की संयुक्त टीम ने कथित अवैध पत्थर खदान में छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान टीम ने भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, पांच बोरा जि’लेटिन, ब्लास्टिंग तार, छह ट्रैक्टर और एक पोकलेन मशीन जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है। खोरीमहुआ एसडीएम और खनन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर खनन स्थल की जांच की।
छापेमारी की सूचना मिलते ही कथित अवैध पत्थर कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया। सूत्रों के अनुसार, कार्रवाई के दौरान दो ट्रैक्टरों को मौके से भगाए जाने की भी बात सामने आ रही है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
जिलेटिन और ब्लास्टिंग तार की बरामदगी के बाद जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटेंगी कि विस्फोटक सामग्री खदान तक कैसे पहुंची और कथित ब्ला*स्टिंग किसके निर्देश पर की जा रही थी। प्रशासनिक कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध पत्थर कारोबार को लेकर चर्चा तेज हो गई है।