गिरिडीह कॉलेज में ABVP का आंदोलन चौथे दिन जारी, भूख हड़ताल पर बैठे दो छात्र नेताओं की बिगड़ी तबीयत
गिरिडीह। गिरिडीह कॉलेज में कथित वित्तीय अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) का आंदोलन सोमवार को चौथे दिन भी जारी रहा। कॉलेज परिसर में भूख हड़ताल पर बैठे ABVP के जिला संयोजक नीरज चौधरी और SFS सह संयोजक अनीश रॉय की लगातार भूख हड़ताल के कारण तबीयत बिगड़ गई।
तबीयत खराब होने के बाद कॉलेज परिसर में ही चिकित्सकों की टीम ने दोनों छात्र नेताओं की जांच की और उन्हें सलाइन लगाया। जांच के बाद चिकित्सकों ने बेहतर उपचार और निगरानी के लिए दोनों को गिरिडीह सदर अस्पताल ले जाने की सलाह दी। इसके बाद दोनों छात्र नेताओं को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया।
ABVP नेताओं का आरोप है कि गिरिडीह कॉलेज में वित्तीय मामलों में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं। संगठन की ओर से इन आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जा रही है। साथ ही कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य समेत संबंधित पदाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और कॉलेज में पारदर्शी व्यवस्था लागू करने की मांग उठाई गई है।
आंदोलनकारियों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। वहीं, ABVP के समर्थन में भाजपा के नेता भी कॉलेज परिसर पहुंचे और भूख हड़ताल कर रहे छात्र नेताओं से मुलाकात कर समर्थन जताया।
चौथे दिन दोनों छात्र नेताओं की तबीयत बिगड़ने और उन्हें सदर अस्पताल ले जाने के बाद कॉलेज परिसर में आंदोलन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

