आजाद फुटबॉल क्लब ने सिमरिया मुरवे को 1-0 से हराकर जीता नाइट फुटबॉल टूर्नामेंट
आजाद फुटबॉल क्लब ने जीता फाइनल
महफूज़ आलम/चतरा:
होल्नामगड़ा स्टेडियम में पिछले तीन दिनों से चल रहे नाइट फुटबॉल टूर्नामेंट का आज रोमांचक फाइनल मुकाबला खेला गया। फाइनल मैच में आजाद फुटबॉल क्लब ने सिमरिया मुरवे को 1-0 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया।
आजाद फुटबॉल क्लब ने लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी मेहनत और बेहतरीन खेल के दम पर फाइनल में जगह बनाई थी। रविवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में टीम ने निर्णायक गोल कर 1-0 से जीत दर्ज की।
मैच देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक स्टेडियम पहुंचे। आयोजकों के अनुसार, मुकाबले के दौरान करीब 40 से 50 हजार दर्शकों की मौजूदगी रही। दर्शकों ने पूरे मैच के दौरान खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
टूर्नामेंट के आयोजन से जुड़े झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता भी फाइनल मुकाबले में मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
आजाद फुटबॉल क्लब की जीत के बाद खिलाड़ियों और समर्थकों में जश्न का माहौल है।

