गिरिडीह में अभ्रक लदे 407 और कोयला ट्रक की आमने-सामने टक्कर, दोनों वाहन क्षतिग्रस्त
गिरिडीह। चित्तरडीह-पचंबा मुख्य मार्ग पर रविवार देर रात करीब एक बजे अभ्रक लदे 407 वाहन और कोयला लदे ट्रक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। हालांकि, घटना में किसी के घायल होने की सूचना फिलहाल नहीं मिली है।
मिली जानकारी के अनुसार, अभ्रक लदा 407 वाहन पचंबा की ओर जा रहा था, जबकि कोयला लदा ट्रक जमुआ की दिशा में जा रहा था। इसी दौरान दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
घटना के बाद अभ्रक के अवैध खनन और परिवहन को लेकर कई तरह के सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्ती के बावजूद ऐसे वाहनों के परिचालन पर भी सवाल उठाया है।
इधर, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस वाहन के मालिक और अभ्रक परिवहन से जुड़े दस्तावेजों की जानकारी जुटा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति और परिवहन की वैधता स्पष्ट हो सकेगी।

