गिरिडीह में SIR को लेकर डीसी ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, बीएलओ को दिए निर्देश

गिरिडीह। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने शनिवार को 32-गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 45 और 47 का निरीक्षण किया। उन्होंने सरस्वती शिशु विद्या मंदिर स्थित उत्तर एवं दक्षिण भाग के मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची के सत्यापन और निर्वाचन कार्यों की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने यह जांच की कि एक ही परिवार के सभी पात्र मतदाताओं के नाम एक ही मतदान केंद्र के अंतर्गत दर्ज हैं या नहीं। उन्होंने बीएलओ को परिवारवार सत्यापन करने तथा किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची में दर्ज होने से वंचित नहीं रहने देने का निर्देश दिया।
उन्होंने नाम, ईपीआईसी संख्या, आयु, लिंग, संबंधित व्यक्ति का नाम और गृह संख्या समेत मतदाता सूची में दर्ज अन्य विवरणों की सावधानीपूर्वक जांच करने को कहा। साथ ही सूची में किसी प्रकार की त्रुटि या विसंगति मिलने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने युवा एवं नए पात्र मतदाताओं के पंजीकरण पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं का फॉर्म-6 भरवाकर उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराया जाए। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, सुधार कराने या अन्य दावे-आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 है।
उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे अपने और परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में अवश्य जांच लें। नाम दर्ज नहीं होने या किसी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर निर्धारित समय-सीमा के भीतर संबंधित बीएलओ से संपर्क कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करें।