मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन होगा तेज- झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा
मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन होगा तेज- झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा
गांडेय (गिरिडीह): झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के बैनर तले गांडेय प्रखंड के बुधुडीह स्थित हटिया मैदान में आंदोलनकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मोर्चा के जिलाध्यक्ष नारायण राणा ने की। इस दौरान आंदोलनकारियों ने अपनी लंबित मांगों पर विचार-विमर्श करते हुए आंदोलन को धारदार बनाने की रणनीति तैयार की।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि झारखंड राज्य निर्माण में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले चिन्हित आंदोलनकारियों की मांगों की लगातार अनदेखी की जा रही है। यदि सरकार ने जल्द ही उनकी वाजिब मांगों को पूरा नहीं किया, तो पूरे राज्य में चरणबद्ध और उग्र आंदोलन छेड़ा जाएगा।
बैठक के दौरान पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों को सफल बनाने पर विशेष जोर दिया गया। इसके तहत 29 सितंबर को गिरिडीह जिला मुख्यालय में विशाल मशाल जुलूस निकाला जाएगा, वहीं 30 सितंबर को आहूत संपूर्ण झारखंड बंद को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया गया। नेताओं ने सभी चिन्हित आंदोलनकारियों और समर्थकों से सड़क पर उतरकर बंदी को सफल बनाने की अपील की।
बैठक में मुख्य रूप से जिलाध्यक्ष नारायण राणा, महादेव मरांडी, सुरेश तुरी, धनंजय राणा, गणेश तुरी, लटू पाण्डेय,हरिहर तुरी,जेम्स किस्कू, कैलाश तुरी, शिवाजी मुर्मू, मिहिलाल मरांडी, बलदेव कोल, छत्रधारी सिंह, जाकिर अंसारी और रामेश्वर सोरेन सहित दर्जनों चिन्हित आंदोलनकारी उपस्थित थे।

