श्रद्धा और भक्ति के रंग में रंगा महुआडांड़, धूमधाम से मना बाबा गणिनाथ जन्मोत्सव
श्रद्धा और भक्ति के रंग में रंगा महुआडांड़, धूमधाम से मना बाबा गणिनाथ जन्मोत्सव
धूमधाम से मना बाबा गणिनाथ का जन्मोत्सव, उमड़ा हलवाई समाज
महुआडांड़। दुर्गा बाड़ी प्रांगण में शनिवार को अखिल भारतीय मध्यदेशीय वैश्य हलवाई समाज की ओर से संत शिरोमणि एवं समाज के कुलदेवता बाबा गणिनाथ का वार्षिक जन्मोत्सव सह पूजनोत्सव धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में महुआडांड़ सहित आसपास के क्षेत्रों से हलवाई समाज के सैकड़ों लोग शामिल हुए। इस दौरान वैदिक पूजन, सम्मान समारोह, सांस्कृतिक कार्यक्रम, भंडारा एवं भक्ति जागरण का आयोजन किया गया।
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ पूजन
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह आठ बजे बाबा गणिनाथ की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुई। पुरोहितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सुबह करीब 10 बजे तक पूजन संपन्न कराया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
समाज के लोगों को किया गया सम्मानित
सुबह 11 बजे आयोजित सम्मान समारोह में समाज के हित में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अखिल भारतीय मध्यदेशीय वैश्य हलवाई समाज के लातेहार जिला अध्यक्ष नंदू प्रसाद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि गेंदा प्रसाद सहित बाहर से पहुंचे समाज के अन्य लोगों का भी अंगवस्त्र एवं बुके देकर स्वागत किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में झूमे लोग
इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं भंडारे का आयोजन हुआ। रांची की शिव शक्ति टीम की गायिका सविता जी एवं आनंद हलचल ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का मनोरंजन किया। भक्ति गीतों पर समाज के लोग जमकर झूमे और पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा।
कार्यक्रम के दौरान समाज की एकजुटता, सामाजिक सहयोग एवं आपसी भाईचारे को मजबूत करने पर जोर दिया गया। वहीं अनाथ आश्रम के बच्चों को भोजन कराया गया तथा दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री देकर उनका स्वागत किया गया।
मैट्रिक टॉपर बेबो कुमारी सम्मानित
समाज की ओर से शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाली मैट्रिक की टॉपर बेबो कुमारी को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने कहा कि समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए इस तरह के प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में हलवाई समाज के अध्यक्ष संजय प्रसाद, उपाध्यक्ष बसंत प्रसाद, विकास प्रसाद, उपेंद्र प्रसाद, अशोक प्रसाद, मुकेश प्रसाद, सकल प्रसाद, कृष्णा प्रसाद, ओमप्रकाश प्रसाद, आकाश कुमार, भोला कुमार, राजीव कुमार, अनुज कुमार, चंदन प्रसाद, विजय प्रसाद, सुमित कुमार सहित दर्जनों समाज के लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

