एमएमडीआर संशोधन विधेयक पर झामुमो भ्रम फैला रहा : सूरज गुप्ता
एमएमडीआर संशोधन विधेयक पर झामुमो भ्रम फैला रहा : सूरज गुप्ता
गढ़वा। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सह गढ़वा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी सूरज गुप्ता ने एमएमडीआर संशोधन विधेयक 2026 को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस पर राज्य में भ्रम एवं अफवाह फैलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि विधेयक का उद्देश्य झारखंड के खान-खनिज अधिकारों को छीनना नहीं, बल्कि नए टैक्स के लिए मानक निर्धारित कर खनिजों की कीमतों में होने वाली अनियंत्रित वृद्धि को रोकना है।
सूरज गुप्ता ने कहा कि झामुमो और कांग्रेस अपनी कथित विफलताओं से लोगों का ध्यान हटाने के लिए विधेयक को लेकर भ्रम की स्थिति पैदा कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के फैसलों से राज्य में कोयला, बालू, पत्थर एवं अन्य खनिजों की कथित अवैध गतिविधियों से होने वाली कमाई पर असर पड़ने की चिंता विपक्षी दलों को है।
उन्होंने मंईयां सम्मान योजना को लेकर भी झामुमो पर राजनीतिक भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। गुप्ता ने दावा किया कि योजना का लाभ राज्य की 25 प्रतिशत महिलाओं तक भी नहीं पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों की वृद्धावस्था पेंशन, छात्र-छात्राओं की छात्रवृत्ति सहित कई जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावित होने से आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
भाजपा नेता ने कहा कि केंद्र सरकार के जनहित से जुड़े निर्णयों का विरोध करना झामुमो और कांग्रेस की नीति बन गई है। उन्होंने हेमंत सोरेन सरकार पर भ्रष्टाचार, अव्यवस्था और रोजगार के मुद्दे पर विफल रहने का आरोप लगाते हुए युवाओं, महिलाओं, मजदूरों, किसानों एवं आम लोगों से सतर्क रहने की अपील की।
गुप्ता ने कहा कि राज्य की जनता को राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से ऊपर उठकर योजनाओं और नीतियों के वास्तविक प्रभाव को समझना चाहिए।

