पलामू एसपी कपिल चौधरी ने पांकी थाने का किया औचक निरीक्षण, रिकॉर्ड खंगाल अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

पलामू एसपी कपिल चौधरी ने पांकी थाने का किया औचक निरीक्षण, रिकॉर्ड खंगाल अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

​पांकी (पलामू): पलामू के पुलिस अधीक्षक (एसपी) कपिल चौधरी ने शनिवार को पांकी थाना परिसर का दौरा कर वार्षिक एवं प्रशासनिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने के विभिन्न पंजियों (रिकॉर्ड्स) की गहन जांच की और क्षेत्र में विधि-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के लिए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए।
​निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना परिसर, सिरस्ता, मालखाना और बैरक का जायजा लिया। उन्होंने अपराध पंजी, स्टेशन डायरी और लंबित मामलों से जुड़ी फाइलों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को पेंडिंग केसों के त्वरित निष्पादन का सख्त निर्देश दिया।
​पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों से की पूछताछ
दौरे के क्रम में एसपी कपिल चौधरी ने पुलिस इंस्पेक्टर जीतराम महाली तथा पांकी थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह की मौजूदगी में थाने के सभी सब-इंस्पेक्टर (एसआई) और असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (एएसआई) से अलग-अलग मामलों की जानकारी ली। उन्होंने क्षेत्र की वर्तमान सुरक्षा स्थिति, गश्ती व्यवस्था और आपराधिक गतिविधियों पर नकेल कसने की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की।
​जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान का निर्देश
एसपी ने पांकी थाने में कार्यरत सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि थाने आने वाले फरियादियों की समस्याओं का संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ निस्तारण करें। इसके साथ ही क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए रात्रिकालीन गश्त और सतर्कता बढ़ाने के आदेश दिए।