MMDR कानून के विरोध में गढ़वा के सभी प्रखंड मुख्यालयों पर झामुमो का धरना-प्रदर्शन

जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों पर झामुमो का धरना शनिवार को

MMDR कानून के विरोध में प्रखंड मुख्यालयों पर प्रदर्शन करेगी झामुमो

गढ़वा: झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर शनिवार को गढ़वा जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। धरना के माध्यम से झामुमो कार्यकर्ता केंद्र सरकार द्वारा लाए गए MMDR (Mines and Minerals (Development and Regulation) कानून में प्रस्तावित प्रावधानों के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराएंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संबंधित प्रखंड कमेटी के अध्यक्ष एवं पदाधिकारी करेंगे।

झामुमो के जिला सचिव शरीफ अंसारी ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण खनिज संपदा से समृद्ध झारखंड के हितों पर लगातार प्रभाव पड़ रहा है। झारखंड की पहचान और अर्थव्यवस्था का बड़ा आधार उसकी प्राकृतिक एवं खनिज संपदा है। ऐसे में खनिज संसाधनों से जुड़े कानूनों में कोई भी ऐसा बदलाव, जिससे राज्य के अधिकार और स्थानीय हित प्रभावित हों, उसका झामुमो लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेगा।

उन्होंने कहा कि झारखंड के जल, जंगल और जमीन के साथ यहां की खनिज संपदा पर भी राज्य और स्थानीय लोगों का अधिकार एवं हित सुनिश्चित होना चाहिए। झामुमो हमेशा से राज्य के अधिकारों, आदिवासी-मूलवासी हितों और स्थानीय संसाधनों की रक्षा के लिए संघर्ष करता रहा है। पार्टी किसी भी ऐसे कानून या प्रावधान का विरोध करेगी, जिससे राज्य के संवैधानिक एवं आर्थिक अधिकार कमजोर होते हों।

जिला सचिव ने कहा कि शुक्रवार को जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों पर पार्टी के पदाधिकारी, पंचायत स्तर के कार्यकर्ता एवं समर्थक एकजुट होकर धरना देंगे। धरना के माध्यम से केंद्र सरकार तक अपनी आपत्ति पहुंचाई जाएगी और MMDR कानून में किए जा रहे प्रावधानों पर पुनर्विचार की मांग की जाएगी।

उन्होंने कहा कि यह केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि झारखंड के संसाधनों और अधिकारों से जुड़ा महत्वपूर्ण सवाल है। खनिज संपदा का उपयोग राज्य के विकास, स्थानीय रोजगार और जनहित को ध्यान में रखकर होना चाहिए। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से धरना कार्यक्रम में शामिल हों और इसे सफल बनाएं।

शरीफ अंसारी ने कहा कि झामुमो का स्पष्ट मानना है कि झारखंड की प्राकृतिक संपदा का लाभ यहां के लोगों को मिलना चाहिए। राज्य के हितों की अनदेखी किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी आगे भी जनहित और झारखंड के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर मजबूती से आवाज उठाती रहेगी।

उन्होंने जिले के सभी प्रखंडों के पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से निर्धारित कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। तथा जनता को भी राज्यहित में आगे बढ़कर इस काले क़ानून का विरोध हेतु आह्वाहन किया है।

मौके पर केंद्रीय सदस्य जवाहर पासवान, तनवीर आलम और जिला कोषाध्यक्ष चंदन जायसवाल मौजूद थे।