पीएम मोदी के जन्मदिन पर रक्तदान शिविर, सांसद कालीचरण सिंह ने बढ़ाया रक्तदाताओं का उत्साह

रक्तदान शिविर में सांसद कालीचरण सिंह ने बढ़ाया रक्तदाताओं का उत्साह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर रेडक्रॉस सोसाइटी में आयोजित हुआ रक्तदान शिविर

महफूज आलम/चतरा:
चतरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार को चतरा रेडक्रॉस सोसाइटी में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष सुमन सौरभ के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में चतरा के सांसद कालीचरण सिंह शामिल हुए। सांसद ने शिविर में पहुंचकर रक्तदाताओं से मुलाकात की और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने रक्तदान करने वाले युवाओं एवं कार्यकर्ताओं की सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान मानव जीवन बचाने की दिशा में किया जाने वाला महत्वपूर्ण सेवा कार्य है।शिविर के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया। सांसद कालीचरण सिंह ने कहा कि किसी जरूरतमंद मरीज के लिए समय पर उपलब्ध कराया गया रक्त जीवनरक्षक साबित हो सकता है। इसलिए स्वस्थ लोगों को समय-समय पर रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने युवाओं से सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने और जरूरतमंदों की मदद करने की भावना को मजबूत करना जरूरी है। भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष सुमन सौरभ ने कहा कि रक्तदान शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने शिविर में भाग लेने वाले सभी रक्तदाताओं एवं सहयोगियों के प्रति आभार जताया। इस अवसर पर सुजीत जायसवाल, रूबी वर्मा, दिनेश कुमार गोप, सांसद प्रतिनिधि विनय सिंह, संजीत कुमार सिंह उर्फ पप्पू, विवेक कुमार केसरी सहित भाजपा के कार्यकर्ता एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।