ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल में श्रद्धापूर्वक मनाई गई विश्वकर्मा पूजा, वाहनों की भी हुई पूजा-अर्चना

ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल में श्रद्धापूर्वक मनाई गई विश्वकर्मा पूजा
गढ़वा। ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल, गढ़वा में गुरुवार को भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ की गई। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय परिसर में किया गया, जिसमें विद्यालय के निदेशक श्री अनूप सोनी ने विधि-विधानपूर्वक भगवान विश्वकर्मा का पूजन किया।
इस अवसर पर विद्यालय में संचालित सभी बसों एवं वाहनों की भी विधिवत पूजा-अर्चना की गई। निदेशक महोदय ने भगवान विश्वकर्मा से विद्यालय की निरंतर प्रगति, सुख-समृद्धि तथा विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों के मंगल की कामना की।
पूजा के दौरान विद्यालय परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने भी श्रद्धापूर्वक पूजा में सहभागिता की और भगवान विश्वकर्मा का आशीर्वाद प्राप्त किया।
विद्यालय के निदेशक महोदय श्री अनूप सोनी ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा को सृजन, निर्माण एवं तकनीकी कौशल का प्रतीक माना जाता है। उनकी पूजा हमें अपने कार्य के प्रति निष्ठा, समर्पण और कुशलता के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।
इस अवसर पर विद्यालय के सचिव महोदय श्री आलोक सोनी,प्रबंधन समिति सदस्य आकाश सोनी, धीरज राज, प्रधानाचार्य डॉo श्री निरकेष शर्मा, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।