गिरिडीह में योजनाओं की समीक्षा, डीसी ने लंबित कार्य समय पर पूरा करने का दिया निर्देश

गिरिडीह। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव ने बुधवार को अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में SCA, DMFT, Untied समेत अन्य मदों से संचालित योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 की योजनाओं की पूर्णता, प्रगति और लंबित कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों और कार्यकारी एजेंसियों से योजनावार जानकारी लेते हुए लंबित व अपूर्ण योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विभिन्न मदों से स्वीकृत योजनाओं का उद्देश्य स्थानीय जरूरतों के अनुरूप आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना और आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसलिए योजनाओं के क्रियान्वयन में समयबद्धता के साथ गुणवत्ता का भी विशेष ध्यान रखा जाए।
उन्होंने कहा कि जिन योजनाओं का कार्य पूरा हो चुका है, उनकी आवश्यक प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी की जाएं। वहीं, लंबित योजनाओं में आ रही तकनीकी, प्रशासनिक या अन्य बाधाओं का संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर समाधान किया जाए।
डीसी ने अधिकारियों को योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग और स्थल निरीक्षण करने का निर्देश देते हुए कहा कि कार्यों की वास्तविक प्रगति का लगातार अनुश्रवण किया जाए। स्वीकृत योजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और योजनाओं का लाभ निर्धारित क्षेत्र व लाभुकों तक समय पर पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारी और कार्यकारी एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद थे।