गिरिडीह में जीवित महिला का नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 जमा करने का आरोप, जांच की मांग

गिरिडीह। पचंबा थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-2 के भाग संख्या-4 में एसआईआर प्रक्रिया के दौरान जीवित महिला का नाम मतदाता सूची से हटाने के लिए फॉर्म नंबर-7 जमा किए जाने का आरोप सामने आया है। मंगलवार को मामले की जानकारी मिलते ही वार्ड के सैकड़ों लोग पचंबा थाना पहुंचे और पुलिस को लिखित आवेदन देकर जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह, डिप्टी मेयर सुमित कुमार समेत पार्टी के कई नेता व कार्यकर्ता भी थाना पहुंचे। नेताओं ने थाना प्रभारी से मुलाकात कर मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
वार्ड निवासी शाहिदा खातून ने आवेदन में बताया कि वह शहादत अंसारी की पत्नी और भाग संख्या-4 की जीवित मतदाता हैं। वह वर्तमान पते पर रह रही हैं और उनका निधन नहीं हुआ है। इसके बावजूद उनका नाम मतदाता सूची से हटाने के उद्देश्य से फॉर्म-7 जमा किए जाने का आरोप है। उन्होंने इसे अपने मताधिकार और नागरिक अधिकारों को प्रभावित करने का गंभीर प्रयास बताया।
झामुमो जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि वार्ड के करीब 25 लोगों के नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 जमा किए गए हैं। उन्होंने प्रशासन से यह पता लगाने की मांग की कि फॉर्म किसने और किन दस्तावेजों के आधार पर जमा किया। लोगों ने फॉर्म-7 की सत्यता जांच कर दोषियों को चिह्नित करने की मांग की।