चैनपुर थाना प्रभारी पर गंभीर आरोप, वारंटी को 72 घंटे थाने में रखने का दावा

वारंटी को 72 घंटे थाने में रखने का आरोप, चैनपुर थाना प्रभारी पर भड़के रुचिर तिवारी

मेदिनीनगर, पलामू :भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के जिला सचिव सह डालटनगंज विधानसभा के पूर्व विधायक प्रत्याशी रुचिर कुमार तिवारी ने चैनपुर थाना प्रभारी की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है। श्री तिवारी ने प्रेस बयान जारी कर आरोप लगाया कि चैनपुर थाना पुलिस ने कई वारंटियों की गिरफ्तारी की बात कही, लेकिन पतरिया गांव निवासी टप्पू विश्वकर्मा को 12 सितंबर की रात गिरफ्तार करने के बाद 14 सितंबर को दोपहर करीब तीन बजे न्यायिक हिरासत में भेजा गया। टप्पू की पत्नी ललिता देवी का आरोप है कि उनके पति को करीब 72 घंटे तक थाना परिसर में रखा गया।
श्री तिवारी ने कहा कि किसी व्यक्ति को गिरफ्तारी के बाद निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत समय पर न्यायालय के समक्ष पेश किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि चैनपुर थाना प्रभारी ने कानून और निर्धारित प्रक्रिया की अनदेखी की है। उन्होंने पलामू के पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करने की मांग की। तिवारी ने चेतावनी दी कि यदि थाना प्रभारी की कार्यशैली पर रोक नहीं लगी और मामले में कार्रवाई नहीं हुई, तो भाकपा आम जनता को साथ लेकर चैनपुर थाना परिसर के समक्ष प्रदर्शन करेगी।उन्होंने कहा कि पुलिस को कानून का पालन कराने वाली संस्था के रूप में काम करना चाहिए, न कि अपनी सुविधा के अनुसार अलग व्यवस्था चलानी चाहिए।