गिरिडीह कॉलेज में ‘हर दिन हिंदी’ कार्यक्रम का आयोजन

गिरिडीह कॉलेज में ‘हर दिन हिंदी’ कार्यक्रम का आयोजन

गिरिडीह, 15 सितंबर 2026:
गिरिडीह कॉलेज, गिरिडीह के हॉल संख्या-01 में आज दिनांक 15 सितंबर 2026 को हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार एवं विद्यार्थियों में हिंदी के प्रति रुचि जागृत करने के उद्देश्य से ‘हर दिन हिंदी’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एम. एन. सिंह ने की।
कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के हिंदी विभाग द्वारा किया गया। हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. बलभद्र सिंह ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए हिंदी भाषा की महत्ता, उसकी व्यापकता तथा दैनिक जीवन में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक अपनी प्रस्तुतियाँ दीं। अनुराग सागर, प्रिया कुमारी, किरण कुमारी एवं नीलेश कुमार ने हिंदी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति से संबंधित अपनी-अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से कार्यक्रम को रोचक एवं ज्ञानवर्धक बनाया। कार्यक्रम का मंच संचालन साजन पाठक ने प्रभावी ढंग से किया।
इस अवसर पर अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य डॉ. एम. एन. सिंह ने कहा कि हिंदी केवल संचार का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, संवेदना और सामाजिक एकता से जुड़ी भाषा है। उन्होंने कहा कि हिंदी को केवल हिंदी दिवस या हिंदी पखवाड़े तक सीमित न रखकर हर दिन अपने व्यवहार और कार्यों में हिंदी का प्रयोग करना चाहिए। विद्यार्थियों को हिंदी के प्रति गौरव की भावना विकसित करने तथा अधिक से अधिक हिंदी में अध्ययन-अध्यापन एवं अभिव्यक्ति के लिए प्रेरित किया।
हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. बलभद्र सिंह ने कहा कि ‘हर दिन हिंदी’ का उद्देश्य हिंदी को केवल एक विषय के रूप में नहीं, बल्कि दैनिक जीवन और व्यवहार की सहज भाषा के रूप में स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि हिंदी की समृद्धि तभी सुनिश्चित होगी, जब युवा पीढ़ी इसके प्रयोग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएगी। उन्होंने विद्यार्थियों से हिंदी पढ़ने, लिखने और बोलने के साथ-साथ हिंदी साहित्य एवं भारतीय संस्कृति से जुड़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण धर्मेन्द्र कुमार, श्वेता कुमारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन हिंदी भाषा के अधिकाधिक प्रयोग एवं प्रचार-प्रसार के संकल्प के साथ हुआ।