छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की वापसी का संकल्प लेकर राहुल गांधी से मिले सुखदेव भगत

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की वापसी का संकल्प लेकर राहुल गांधी से मिले सुखदेव भगत

प्रभारी बनाए जाने पर जताया आभार, 2028 में पार्टी को सत्ता में लौटाने का संकल्प

गुमला। लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुखदेव भगत ने छत्तीसगढ़ कांग्रेस का प्रभारी बनाए जाने के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने नई जिम्मेदारी के लिए पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सत्ता में वापसी के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम करने का संकल्प लिया।

सुखदेव भगत ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। छत्तीसगढ़ में संगठन को मजबूत करना, कार्यकर्ताओं को एकजुट करना और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास और मजबूत संगठन के बल पर 2028 में कांग्रेस को फिर सत्ता में लाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

जमीनी अनुभव का मिलेगा लाभ

जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों, आदिवासी अधिकार, संविधान और सामाजिक न्याय के सवालों को मजबूती से उठाने के कारण सुखदेव भगत की जमीनी नेता के रूप में पहचान रही है। पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि उनके राजनीतिक एवं संगठनात्मक अनुभव का लाभ छत्तीसगढ़ में कांग्रेस संगठन को मिलेगा।

उनके प्रभारी बनाए जाने से पार्टी कार्यकर्ताओं में भी उत्साह है। अब संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और जनमुद्दों को लेकर पार्टी की आवाज को गांव-गांव तक पहुंचाना उनके सामने प्रमुख चुनौती होगी। राहुल गांधी से मुलाकात के बाद सुखदेव भगत ने दोहराया कि वह पार्टी की दी गई जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभाएंगे।