गिरिडीह सदर अस्पताल का सुनील वर्णवाल ने किया निरीक्षण, आयुष्मान कार्ड और स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा
गिरिडीह। नीति आयोग के आकांक्षी जिला कार्यक्रम (ADP) एवं आकांक्षी प्रखंड रूपांतरण कार्यक्रम (ABP) के तहत शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक के पश्चात आकांक्षी जिला के केंद्रीय प्रभारी पदाधिकारी-सह-चीफ एक्जीक्यूटिव ऑफिसर (नेशनल हेल्थ अथॉरिटी) सुनील कुमार वर्णवाल ने गिरिडीह सदर अस्पताल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान श्री वर्णवाल ने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य संसाधनों, मूलभूत सुविधाओं, चिकित्सकीय सेवाओं एवं मरीजों को उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने विभिन्न वार्डों का जायजा लेते हुए बेड की उपलब्धता, साफ-सफाई, पेयजल, दवा एवं अन्य स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की जानकारी ली तथा मरीजों व परिजनों से भी बातचीत की।
केंद्रीय प्रभारी पदाधिकारी ने आयुष्मान भारत योजना के क्रियान्वयन की विशेष समीक्षा की। उन्होंने आयुष्मान कार्ड की स्थिति, पात्र लाभुकों को योजना से जोड़ने की प्रक्रिया की जानकारी ली तथा मिशन मोड में कार्ड बनाने और जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया।
स्वास्थ्य एवं पोषण इंडिकेटर्स पर फोकस करते हुए उन्होंने गर्भवती महिलाओं के पंजीकरण, संस्थागत प्रसव, बच्चों के टीकाकरण, कुपोषित बच्चों की पहचान व उपचार तथा गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग को प्रभावी बनाने पर जोर दिया। श्री वर्णवाल ने अस्पताल की आधारभूत सुविधाओं के नियमित अनुश्रवण, संसाधनों की कमी की पहचान एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी एवं अस्पताल प्रबंधन के अधिकारी उपस्थित रहे।

