सदर अस्पताल पहुंचे केंद्रीय प्रभारी पदाधिकारी सुनील कुमार वर्णवाल, स्वास्थ्य सुविधाओं का लिया जायजा

सदर अस्पताल पहुंचे केंद्रीय प्रभारी पदाधिकारी सुनील कुमार वर्णवाल, स्वास्थ्य सुविधाओं का लिया जायजा

गिरिडीह, 12 सितंबर। नीति आयोग के आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत केंद्रीय प्रभारी पदाधिकारी-सह-नेशनल हेल्थ अथॉरिटी के सीईओ सुनील कुमार वर्णवाल ने शनिवार को गिरिडीह सदर अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों में जाकर मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान बेड, दवा, पेयजल, साफ-सफाई और अन्य जरूरी सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया गया। वर्णवाल ने मरीजों और उनके परिजनों से भी बातचीत कर अस्पताल की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की। उन्होंने पात्र लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया तेज करने और किसी भी पात्र मरीज को योजना के लाभ से वंचित नहीं रखने का निर्देश दिया। साथ ही गर्भवती महिलाओं के पंजीकरण, संस्थागत प्रसव, बच्चों के टीकाकरण और कुपोषित बच्चों के उपचार की जानकारी ली। उन्होंने मधुमेह, ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर जैसी बीमारियों की जांच को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। अस्पताल की कमियों को चिह्नित कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर दूर करने का निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।