अनुसेवक राजकुमार ने पेश की ईमानदारी की मिसाल, महिला को लौटाई सोने की चेन

अनुसेवक राजकुमार ने पेश की ईमानदारी की मिसाल, महिला को लौटाई सोने की चेन

हरिहरगंज। प्रखंड कार्यालय में कार्यरत अनुसेवक राजकुमार ने ईमानदारी और मानवता की मिसाल पेश करते हुए गुम हुई सोने की चेन उसके वास्तविक मालिक को लौटा दी। उनकी इस नेक पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है।

जानकारी के अनुसार, शहर के बाजार निवासी सतीश गुप्ता की पत्नी काजल गुप्ता गुरुवार की सुबह प्रखंड कार्यालय परिसर में फूल तोड़ने गई थीं। इसी दौरान उनकी सोने की चेन कहीं गिर गई। काफी खोजबीन के बावजूद चेन का पता नहीं चला। बाद में चेन प्रखंड कार्यालय में कार्यरत अनुसेवक राजकुमार को मिली। उन्होंने इसकी सूचना संबंधित लोगों को दी। इसके बाद स्थानीय लोगों के विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुपों में चेन मिलने की सूचना प्रसारित की गई, जिसके आधार पर चेन की वास्तविक स्वामिनी काजल गुप्ता की पहचान हुई।

शनिवार को प्रखंड कार्यालय में बीडीओ पारितोष प्रियदर्शी ने सोने की चेन काजल गुप्ता को सौंप दी। चेन वापस मिलने पर काजल गुप्ता भावुक हो गईं और अनुसेवक राजकुमार के प्रति आभार जताया। इस दौरान मौजूद लोगों ने राजकुमार की ईमानदारी की प्रशंसा करते हुए कहा कि आज के समय में उनकी पहल समाज के लिए प्रेरणादायक है।