गिरिडीह: बिजॉय इंस्टीट्यूट में सुदिव्य कुमार सोनू को दी श्रद्धांजलि, दो मिनट का मौन रखकर की प्रार्थना

गिरिडीह। झारखंड सरकार के मंत्री एवं गिरिडीह के जनप्रतिनिधि सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन पर बिजॉय इंस्टीट्यूट में शोकसभा आयोजित की गई। इस दौरान संस्था के पदाधिकारियों, सदस्यों, खिलाड़ियों और बच्चों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
शोकसभा की अध्यक्षता बिजॉय इंस्टीट्यूट के अध्यक्ष गुणवंत सिंह मोंगया ने की। उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का निधन गिरिडीह के लिए अपूरणीय क्षति है। वे जनहित के प्रति समर्पित और संवेदनशील जनप्रतिनिधि थे। उनकी कमी की भरपाई कर पाना कठिन है।
संस्था के सचिव राजेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू से उनका आत्मीय संबंध रहा। उनके निधन की खबर से उन्हें गहरा आघात पहुंचा है। उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू केवल जनप्रतिनिधि ही नहीं, बल्कि लोगों के सुख-दुख में साथ खड़े रहने वाले व्यक्तित्व थे।
बिकाश सिन्हा ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू से हुई प्रत्येक मुलाकात से उन्हें कुछ न कुछ सीखने को मिला। उनके व्यवहार, लोगों से जुड़ने की क्षमता और कार्य के प्रति समर्पण से हमेशा प्रेरणा मिली। उन्होंने कहा कि कुछ व्यक्तित्वों से मुलाकात भले ही कम समय की हो, लेकिन उनकी सीख और प्रभाव जीवनभर बना रहता है।
शोकसभा में रोहित श्रीवास्तव, डॉ. टी.एन. देव, हिमांशु सिन्हा, नागेंद्र कपिसवे, हिमांशु शेखर, संतोष शर्मा, बिजॉय साहू, सीए ब्रह्मदेव प्रसाद, अमित तुरी सहित संस्था के पदाधिकारी, सदस्य, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित थे।
अंत में बिजॉय इंस्टीट्यूट परिवार ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।