स्व. सुदिव्य कुमार सोनू को स्वर्णकार संघ ने दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि, शोकसभा में जताया गहरा दुख
स्व. सुदिव्य कुमार सोनू को अखिअखिल भारतीय स्वर्णकार संघ, गिरिडीह के तत्वावधान में मंगलवार को समाज के पदाधिकारियों एवं गणमान्य सदस्यों की उपस्थिति में एक शोकसभा आयोजित की गई। शोकसभा में माननीय मंत्री स्व. सुदिव्य कुमार सोनू जी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि स्व. सुदिव्य कुमार सोनू जी का निधन गिरिडीह ही नहीं, बल्कि पूरे समाज और क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनके सरल व्यक्तित्व, सामाजिक सरोकार, जनसेवा के प्रति समर्पण तथा समाज के प्रति उनके सकारात्मक सहयोग को हमेशा स्मरण किया जाएगा।
वक्ताओं ने विशेष रूप से स्व. सुदिव्य कुमार सोनू जी द्वारा स्वर्णकार समाज के लिए अनुदान के रूप में प्रदान की गई सहयोग राशि का उल्लेख करते हुए उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। कहा गया कि समाज के प्रति उनके सहयोग और सद्भाव को आने वाली पीढ़ियां भी याद रखेंगी।शोकसभा में उपस्थित समाज के लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट की।इस अवसर पर पूर्व विधायक लक्ष्मण स्वर्णकार, राष्ट्रीय सचिव बी. अगस्त क्रांति शर्मा, जिलाध्यक्ष विनोद स्वर्णकार, प्रदेश उपाध्यक्ष विश्वनाथ स्वर्णकार, उपाध्यक्ष अशोक बर्मा, सहायक सचिव प्रकाश स्वर्णकार एवं प्रमोद स्वर्णकार, मोहन स्वर्णकार, उमेश स्वर्णकार, श्री मदन स्वर्णकार, सज्जन बर्मन सहित समाज के अन्य पदाधिकारी एवं प्रमुख सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर स्व. सुदिव्य कुमार सोनू जी को श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही ईश्वर से प्रार्थना की गई कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक-संतप्त परिवार को इस कठिन घड़ी में दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।

