मध्य विद्यालय मधवाडीह में 68 छात्र-छात्राओं के बीच बांटी गई साइकिल
मध्य विद्यालय मधवाडीह में 68 छात्र-छात्राओं के बीच बांटी गई साइकिल
साइकिल मिलने से विद्यार्थियों के चेहरे खिले, नियमित विद्यालय आने की दी गई सलाह
बेंगाबाद। पंचायत मधवाडीह स्थित मध्य विद्यालय मधवाडीह में छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय में अध्ययनरत कुल 68 विद्यार्थियों को साइकिल प्रदान की गई। इनमें 37 छात्र एवं 31 छात्राएं शामिल हैं। साइकिल मिलने के बाद विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई।
कार्यक्रम में स्थानीय मुखिया सादिक अंसारी, विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष, प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण सहित बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। अतिथियों एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों को साइकिल का नियमित रूप से उपयोग करने तथा उसकी देखभाल करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि साइकिल मिलने से विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी, खासकर दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले छात्र-छात्राओं को इसका विशेष लाभ मिलेगा।
शिक्षकों ने विद्यार्थियों से नियमित रूप से विद्यालय आने, समय पर कक्षा में उपस्थित रहने तथा मन लगाकर पढ़ाई करने की अपील की। वहीं अभिभावकों से भी बच्चों की शिक्षा के प्रति जागरूक रहने और उन्हें नियमित रूप से विद्यालय भेजने का आग्रह किया गया।
साइकिल वितरण के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा। साइकिल प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अब विद्यालय आने-जाने में उन्हें काफी सहूलियत होगी। अभिभावकों ने भी साइकिल वितरण को बच्चों की शिक्षा को बढ़ावा देने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

