SIR-2026 को लेकर प्रमंडलीय आयुक्त ने बगोदर-डुमरी के मतदान केंद्रों का किया औचक निरीक्षण
SIR-2026 को लेकर प्रमंडलीय आयुक्त ने बगोदर-डुमरी के मतदान केंद्रों का किया औचक निरीक्षण
बूथों पर पहुंचकर BLO के कार्यों, दावों-आपत्तियों और मतदाता सूची पुनरीक्षण की ली जानकारी
गिरिडीह, 8 सितंबर 2026: विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR-2026) के तहत उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल, हजारीबाग के प्रमंडलीय आयुक्त-सह-मतदाता सूची प्रेक्षक विजय कुमार गुप्ता ने मंगलवार को गिरिडीह जिले के बगोदर एवं डुमरी प्रखंड अंतर्गत विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथों पर चल रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं बीएलओ से आवश्यक जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान प्रमंडलीय आयुक्त ने BLO से मतदाता सूची पुनरीक्षण से संबंधित कार्यों, मतदाताओं से प्राप्त दावों एवं आपत्तियों तथा Form-6, Form-7 और Form-8 के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली। उन्होंने इन आवेदनों के सत्यापन एवं निष्पादन की स्थिति की भी समीक्षा की।
आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के साथ-साथ अपात्र, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं से संबंधित मामलों में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन रखने पर विशेष जोर दिया।
BLO के कार्यों की भी हुई समीक्षा
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने संबंधित सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (AERO), उप निर्वाचन पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारियों के साथ SIR-2026 की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने BLO से क्षेत्र में मतदाताओं से संपर्क, प्रपत्रों की प्राप्ति तथा आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन की जानकारी ली।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि प्राप्त प्रत्येक दावा एवं आपत्ति का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से सत्यापन किया जाए। किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित नहीं रहना चाहिए।
प्रमंडलीय आयुक्त ने विशेष रूप से Form-6 के माध्यम से नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, Form-7 के माध्यम से नाम विलोपन अथवा आपत्ति तथा Form-8 के माध्यम से मतदाता सूची में संशोधन से संबंधित आवेदनों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने BLO को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों की जांच एवं आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन निर्धारित प्रक्रिया के तहत करते हुए प्रगति सुनिश्चित करें।
मतदाताओं से भी लिया फीडबैक
निरीक्षण के दौरान प्रमंडलीय आयुक्त ने बगोदर एवं डुमरी विधानसभा क्षेत्र के चिह्नित मतदान केंद्रों पर BLO एवं मतदाताओं से सीधे संवाद किया। उन्होंने SIR-2026 के तहत चल रही प्रक्रिया को लेकर मतदाताओं से फीडबैक लिया तथा बूथ स्तर पर लोगों को निर्धारित प्रक्रिया एवं आवश्यक प्रपत्रों के संबंध में समुचित जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
निर्धारित निरीक्षण कार्यक्रम के अनुसार बगोदर विधानसभा क्षेत्र के दोंदलो पंचायत भवन एवं अलगडीहा पंचायत भवन कैंप तथा डुमरी विधानसभा क्षेत्र के पंचायत भवन भरखर, पंचायत भवन बालूटुंडा एवं पंचायत भवन चैनपुर कैंप सहित विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया गया।
उपलब्ध बूथवार विवरण के अनुसार निरीक्षण किए गए संबंधित मतदान केंद्रों पर कुल 1,162 नोटिस एवं 8,031 मतदाता दर्ज हैं। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने बूथवार पुनरीक्षण कार्य की प्रगति एवं मतदाता सूची से जुड़े मामलों की स्थिति की भी जानकारी ली।
उन्होंने संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों एवं BLO को निर्देश दिया कि SIR-2026 के कार्यों में पारदर्शिता, शुद्धता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा सभी दावों एवं आपत्तियों का नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी, संबंधित सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO), प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी एवं संबंधित BLO मौजूद रहे।

