अवैध महुआ शराब पर पीपरा पुलिस का शिकंजा, 200 किलो जावा महुआ और 50 लीटर शराब नष्ट
पीपरा में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, 200 किलो जावा महुआ और 50 लीटर शराब नष्ट
हरिहरगंज/पीपरा (पलामू)। अवैध महुआ शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ पीपरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सरैया पंचायत के बूढ़राधा और पतरेंगा गांव में पुलिस ने अभियान चलाकर करीब 200 किलो जावा महुआ और 50 लीटर तैयार महुआ शराब को मौके पर ही नष्ट कर दिया।
पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही अवैध शराब कारोबारी अपने घरों में ताला लगाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस टीम ने शराब निर्माण से जुड़े ठिकानों की जांच की और वहां मौजूद जावा महुआ, तैयार शराब तथा शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों और अन्य सामग्री को नष्ट कर दिया।
कार्रवाई थाना प्रभारी प्रदीप शर्मा के निर्देश पर की गई। अभियान का नेतृत्व एएसआई जेबीआर मिंज ने किया, जिसमें पुलिस जवान शामिल रहे। पुलिस की कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।
थाना प्रभारी प्रदीप शर्मा ने कहा कि क्षेत्र में अवैध महुआ शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।पलामू हरिहरगंज संवाददाता मनोज कुमार गुप्ता

