हरिहरगंज के तीन शिक्षकों को डीसी ने किया सम्मानित

हरिहरगंज के तीन शिक्षकों को डीसी ने किया सम्मानित

हरिहरगंज (पलामू)। शिक्षक दिवस के अवसर पर राजकीयकृत सीता प्लस टू उच्च विद्यालय, हरिहरगंज के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि जुड़ी। विद्यालय के तीन शिक्षकों को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए पलामू के उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने सम्मानित किया।

प्रेरणा विकास प्रशिक्षण में अभूतपूर्व योगदान के लिए डॉ. कन्हैया प्रसाद सिंह, इंस्पायर मानक अवार्ड से सम्मानित होने पर डॉ. राजीव सिंह तथा शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने के लिए डॉ. राजकुमार को शॉल, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान किया गया। साथ ही डॉ. राजकुमार को ₹15 हजार का चेक देकर भी सम्मानित किया गया।

विद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय प्रसाद ने शिक्षकों की उपलब्धियों की जानकारी साझा करते हुए कहा कि विद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट कार्य करने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है। इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।

हरिहरगंज संवाददाता — मनोज कुमार गुप्ता