महिला फुटबॉल टूर्नामेंट में झारखंड की बेटियों ने दिखाया दमखम, 24 खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित
महिला फुटबॉल टूर्नामेंट में झारखंड की बेटियों ने दिखाया दमखम, 24 खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित
गिरिडीह। महिला खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें राष्ट्रीय स्तर का मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रोटरी गिरिडीह की ओर से सर्कस मैदान यानी बीटी फील्ड में एक दिवसीय महिला फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह सनशाइन और श्याम सेवा समिति ट्रस्ट के सहयोग से आयोजित इस प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न जिलों से पहुंचीं राज्यस्तरीय महिला फुटबॉल खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महापौर प्रमिला मेहरा और विशिष्ट अतिथि उपमहापौर सुमित कुमार ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
टूर्नामेंट का मुख्य मुकाबला रोटरी गिरिडीह और इनर व्हील क्लब गिरिडीह सनशाइन के बीच हुआ, जिसमें इनर व्हील क्लब गिरिडीह सनशाइन की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। प्रतियोगिता के बाद विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। मैदान पर खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता के माध्यम से 24 महिला फुटबॉल खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए किया गया है। चयनित खिलाड़ी आंध्र प्रदेश में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के मुकाबले में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी।
आयोजन को सफल बनाने में रोटरी गिरिडीह के अध्यक्ष अमित गुप्ता, सचिव मनीष वर्णवाल, इनर व्हील क्लब की अध्यक्षा राखी झुनझुनवाला, सचिव संगीता सिन्हा, कार्यक्रम कोऑर्डिनेटर एवं झारखंड फुटबॉल एसोसिएशन के महासचिव गुलाम रब्बानी, पूनम सहाय, कार्यक्रम संयोजक रवि चूड़ीवाला, शबाना रब्बानी, श्याम सेवा समिति ट्रस्ट के लक्खी प्रसाद गौरीसारिया, प्रदीप डालमिया सहित अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजकों ने कहा कि बेटियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने और उन्हें बेहतर अवसर देने के लिए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को बढ़ावा दिया जाएगा।

