अभाविप की जिला बैठक संपन्न, गढ़वा में 10 हजार सदस्य बनाने का लक्ष्य

अभाविप की जिला बैठक संपन्न, गढ़वा में 10 हजार सदस्य बनाने का लक्ष्य

गढ़वा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् गढ़वा की जिला बैठक स्थानीय कार्यालय में प्रांत संगठन मंत्री पशुपतिनाथ जी उपमन्यु की उपस्थिति में संपन्न हुई। बैठक में संगठन विस्तार, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा और सदस्यता अभियान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों एवं क्षेत्रों में संगठन की सक्रियता बढ़ाने तथा अधिक से अधिक विद्यार्थियों को परिषद् से जोड़ने पर जोर दिया गया। आगामी सदस्यता अभियान के तहत गढ़वा जिले में 10 हजार नए सदस्यों को जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रांत संगठन मंत्री पशुपतिनाथ जी उपमन्यु ने कहा कि अभाविप केवल छात्र संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की दिशा में निरंतर कार्य करने वाला संगठन है। उन्होंने विद्यार्थियों के बीच संगठन की विचारधारा और रचनात्मक कार्यों को पहुंचाने को प्राथमिकता बताया।

विभाग प्रमुख सत्यदेव पांडेय ने कहा कि विद्यार्थी परिषद् रचनात्मक एवं छात्रहित के कार्यों के माध्यम से अधिक से अधिक विद्यार्थियों को संगठन से जोड़ने का प्रयास करेगी। जिला सदस्यता प्रमुख सचिन चौबे ने कहा कि सदस्यता अभियान को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है और जिले के प्रत्येक विद्यालय, महाविद्यालय एवं शिक्षण संस्थान तक पहुंच बनाने का लक्ष्य रखा गया है। बैठक में राज्य विश्वविद्यालय कार्य संयोजक मंजुल शुक्ला, विभाग संयोजक प्रिन्स सिंह, जिला संयोजक राजा यादव सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।