पीएम श्री शारदा कन्या मध्य विद्यालय के 30 छात्र-छात्राएं शैक्षणिक भ्रमण पर कोलकाता रवाना

पीएम श्री शारदा कन्या मध्य विद्यालय के 30 छात्र-छात्राएं शैक्षणिक भ्रमण पर कोलकाता रवाना

प्रधानाध्यापक अशोक कुमार मिश्रा ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, साइंस सिटी समेत कई प्रमुख स्थलों का करेंगे भ्रमण

राज्य परियोजना निदेशालय, झारखंड परियोजना परिषद, रांची के निर्देशानुसार पीएम श्री शारदा कन्या मध्य विद्यालय, पचंबा के छात्र-छात्राओं को शैक्षणिक भ्रमण के लिए कोलकाता रवाना किया गया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक अशोक कुमार मिश्रा ने हरी झंडी दिखाकर बच्चों के दल को रवाना किया। इस शैक्षणिक भ्रमण में विद्यालय के 30 छात्र-छात्राएं, दो शिक्षिकाएं एवं जिला समन्वयक शामिल हैं।
प्रधानाध्यापक अशोक कुमार मिश्रा ने बताया कि बच्चों को कक्षा में मिलने वाली शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक एवं अनुभव आधारित ज्ञान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया है। छात्र-छात्राएं पचंबा से बस के माध्यम से धनबाद जंक्शन पहुंचेंगे। इसके बाद धनबाद जंक्शन से रेल मार्ग के जरिए हावड़ा जाएंगे।
कोलकाता में बच्चे दो दिनों तक विभिन्न महत्वपूर्ण शैक्षणिक, ऐतिहासिक, वैज्ञानिक एवं मनोरंजक स्थलों का भ्रमण करेंगे। इस दौरान साइंस सिटी, विक्टोरिया भवन, इको पार्क, चिड़ियाघर समेत अन्य प्रमुख स्थानों का भ्रमण प्रस्तावित है।
प्रधानाध्यापक ने कहा कि आज के वैज्ञानिक एवं तकनीकी युग में बच्चों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित रखना पर्याप्त नहीं है। उन्हें विज्ञान, पर्यावरण, इतिहास, संस्कृति और आधुनिक तकनीक से प्रत्यक्ष रूप से परिचित कराना भी जरूरी है। साइंस सिटी जैसे प्रमुख वैज्ञानिक केंद्र का भ्रमण करने से बच्चों को विज्ञान से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों को नजदीक से समझने और देखने का अवसर मिलेगा। इससे उनके अंदर विज्ञान के प्रति जिज्ञासा और रुचि बढ़ेगी।
उन्होंने कहा कि शैक्षणिक भ्रमण बच्चों के बौद्धिक, मानसिक, शैक्षणिक और प्रतिभात्मक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। अलग-अलग स्थानों को देखकर और वहां की गतिविधियों को समझकर बच्चों में सीखने की क्षमता और व्यावहारिक समझ विकसित होती है। ऐसे भ्रमण से विद्यार्थियों को किताबों में पढ़ी गई बातों को वास्तविक परिस्थितियों से जोड़ने का अवसर मिलता है।
उन्होंने बताया कि कोलकाता भ्रमण के दौरान विद्यार्थी विभिन्न स्थलों की विशेषताओं, वहां संचालित गतिविधियों और उनके महत्व को समझेंगे। भ्रमण समाप्त होने के बाद वापस विद्यालय लौटने पर वहां देखी और सीखी गई गतिविधियों के आधार पर विद्यालय स्तर पर विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन किया जाएगा, ताकि भ्रमण के दौरान प्राप्त अनुभव को विद्यार्थियों की पढ़ाई से जोड़ा जा सके।
विद्यालय प्रबंधन का मानना है कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उनकी बौद्धिक क्षमता, रचनात्मक सोच, जिज्ञासा और सीखने की प्रवृत्ति को मजबूत करते हैं। शैक्षणिक भ्रमण से बच्चों को नई चीजों को देखने, समझने और सवाल पूछने का अवसर मिलता है, जिससे शिक्षा के प्रति उनकी समझ और रुचि और अधिक विकसित होती है।
इस अवसर पर जिला समन्वयक दिलीप कुमार दास, शिक्षिका तनु प्रिया, स्वीटी कुमारी, माया मरियम हसदा, पूनम कुमारी, सुनील कुमार, एसएमसी अध्यक्ष सोनी देवी, उपाध्यक्ष रश्मि देवी, संयुक्त सचिव काजल देवी, सदस्या सोनी देवी, प्रिंसी देवी, पूजा देवी सहित विद्यालय के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
शैक्षणिक भ्रमण पर जाने वाले विद्यार्थियों में सिद्धि कुमारी, परिधि कुमारी, सुधीर कुमार सहित विद्यालय के 30 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। बच्चों के रवाना होने के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा। छात्र-छात्राएं कोलकाता के विभिन्न स्थलों को देखने और वहां से नई जानकारी हासिल करने को लेकर काफी उत्साहित नजर आए।

You may have missed