रांची में स्वाइन फ्लू का बढ़ता संक्रमण, तीन नए मरीज मिले; दो मासूम वेंटिलेटर पर
रांची में स्वाइन फ्लू का बढ़ता संक्रमण, तीन नए मरीज मिले; दो मासूम वेंटिलेटर पर
रांची में स्वाइन फ्लू का संक्रमण तेजी से फैलता नजर आ रहा है। मंगलवार को तीन नए मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है, जिनमें दो छोटे बच्चे शामिल हैं। दोनों बच्चों की उम्र महज पांच माह और डेढ़ माह बताई जा रही है और रानी अस्पताल में उनका वेंटिलेटर पर इलाज चल रहा है। वहीं, एक अन्य संक्रमित मरीज रिम्स के सुपर स्पेशियलिटी आईसीयू में भर्ती है। अब तक राज्य में 39 से ज्यादा संक्रमित मरीज सामने आने की बात कही जा रही है। स्वाइन फ्लू में बुखार, खांसी, गले में खराश, नाक बहना, शरीर में दर्द और थकान जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक सांस फूलना, सीने में दर्द और लगातार तेज बुखार जैसे लक्षण गंभीर हो सकते हैं। संक्रमण से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग ने भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क लगाने, हाथ मिलाने से बचने और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है। लोगों से अपील की गई है कि स्वाइन फ्लू से जुड़े लक्षण नजर आने पर लापरवाही न करें और समय रहते डॉक्टर से संपर्क करें।

