राधा स्वामी संगठन के कथित ठगी मामले में कार्रवाई, मीडिया प्रभारी अनीशा सिन्हा और सहयोगी सुबोध हिरासत में

राधा स्वामी संगठन के कथित ठगी मामले में कार्रवाई, मीडिया प्रभारी अनीशा सिन्हा और सहयोगी सुबोध हिरासत में

गिरिडीह में राधा स्वामी संगठन से जुड़े करोड़ों रुपये के कथित ठगी मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। संगठन की मीडिया प्रभारी अनीशा सिन्हा और उनके सहयोगी सुबोध सिंह को भी पुलिस हिरासत में लिए जाने की सूचना है। इससे पहले मंगलवार को संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मुकेश सिन्हा को भी पुलिस ने हिरासत में लिया था। आरोप है कि संगठन के पदाधिकारियों ने लाभुकों से करोड़ों रुपये लेने के बाद फरार हो गए थे। बताया जा रहा है कि पिछले कई महीनों से लाभुक और पुलिस उनकी तलाश कर रहे थे। दोनों के पटना में रहने और वहीं से सोशल मीडिया के जरिए लाभुकों के सवालों का जवाब देने की बात भी सामने आई है।

मंगलवार को पुलिस ने मुकेश सिन्हा को उनके घर से हिरासत में लिया था। इसके बाद अब अनीशा सिन्हा और सुबोध सिंह को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में कई लाभुकों ने थाने में लिखित शिकायत देकर कथित ठगी की जांच कराने और अपनी राशि वापस दिलाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ के बाद कथित ठगी से जुड़े लेन-देन, रकम और अन्य लोगों की भूमिका को लेकर और तथ्य सामने आने की उम्मीद है।