आशीष कुमार की मौत पर ICL का आंदोलन का ऐलान, न्याय और मुआवजे की मांग
पलामू के तरहसी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आशीष कुमार की मौत के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। ICL के जिलाध्यक्ष पलामू प्रिंस पांडे ने मृतक के परिवार को न्याय दिलाने की मांग करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है।
प्रिंस पांडे का आरोप है कि 30 अगस्त 2026 को आशीष कुमार को गंभीर हालत में तरहसी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया था। आरोप है कि अस्पताल की एंबुलेंस में तेल नहीं होने, ऑक्सीजन टंकी की व्यवस्था नहीं रहने और समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण आशीष कुमार की मौत हो गई।
इस घटना को लेकर ICL जिलाध्यक्ष ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि अगर आशीष कुमार को समय पर इलाज और जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं मिल जातीं, तो शायद उनकी जान बचाई जा सकती थी।
उन्होंने मांग की है कि मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी दी जाए। साथ ही तरहसी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था में तत्काल सुधार किया जाए।
प्रिंस पांडे ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तरहसी के सामने उग्र आंदोलन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस आंदोलन में पांकी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक प्रत्याशी और कांग्रेस पार्टी के प्रदेश कोऑर्डिनेटर रुद्र शुक्ला भी शामिल होंगे।
अब देखना होगा कि आशीष कुमार की मौत के मामले में प्रशासन की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है और मृतक के परिवार को न्याय दिलाने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।


