स्कॉलर बी.एड. कॉलेज में 5 दिवसीय प्री-ऑब्जर्वेशन ओरिएंटेशन प्रोग्राम का शुभारंभ
स्कॉलर बी.एड. कॉलेज में 5 दिवसीय प्री-ऑब्जर्वेशन ओरिएंटेशन प्रोग्राम का शुभारंभ
गिरिडीह। स्थानीय स्कॉलर बी.एड. कॉलेज में राष्ट्रीय शिक्षक शिक्षा परिषद (NCTE) के मानकों के अनुरूप बी.एड. सत्र 2025-27 के प्रथम वर्ष के प्रशिक्षुओं के लिए पांच दिवसीय प्री-ऑब्जर्वेशन ओरिएंटेशन प्रोग्राम का शुभारंभ हुआ। यह कार्यशाला 31 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक चलेगी। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रशिक्षुओं को आगामी 28 दिवसीय स्कूल ऑब्जर्वेशन से पहले विद्यालयी वातावरण, शिक्षण-कला, प्रशासनिक प्रक्रियाओं, अभिलेख संधारण और बाल-मनोविज्ञान की व्यावहारिक जानकारी देना है। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्या एवं महाविद्यालय के प्राध्यापकवृंद की उपस्थिति में किया गया।
प्रथम दिवस प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. शालिनी खोवाला ने कहा कि 28 दिवसीय विद्यालयी अवलोकन केवल अकादमिक औपचारिकता नहीं, बल्कि प्रशिक्षुओं में सजग अवलोकन और समर्पित शिक्षक के गुण विकसित करने का अवसर है। उन्होंने प्रशिक्षुओं को विद्यालयी वातावरण के साथ बेहतर सामंजस्य स्थापित करने, प्रधानाचार्य, शिक्षक, गैर-शिक्षण कर्मचारियों और विद्यार्थियों के साथ सकारात्मक व्यवहार रखने तथा दैनिक ऑब्जर्वेशन डायरी लिखने के कौशल के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम समन्वयक डॉ. संतोष चौधरी ने भी कार्यशाला के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए प्रशिक्षुओं को प्रेरित किया। पांच दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में विभिन्न तकनीकी और व्यावहारिक सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें प्रशिक्षुओं की जिज्ञासाओं और समस्याओं का समाधान किया जाएगा। इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक एवं सत्र 2025-27 के प्रशिक्षु मौजूद रहे।

