माइंस वाहन की टक्कर से 19 वर्षीय युवक की मौत, मुआवजे की मांग पर छह घंटे तक सड़क जाम
माइंस वाहन की टक्कर से 19 वर्षीय युवक की मौत, मुआवजे की मांग पर छह घंटे तक सड़क जाम
प्रखंड मुख्यालय बाजार आने के दौरान जोकीपोखर के पास हुआ हादसा, थाना प्रभारी राजन अधिकारी के प्रयास से खुला जाम
महुआडांड़/नेतरहाट (लातेहार)। नेतरहाट थाना क्षेत्र के जोकीपोखर के समीप सोमवार सुबह करीब 10 बजे दर्दनाक सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान सिरसी गांव निवासी राजमोहन किसान (19), पिता सोमा किसान के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि राजमोहन किसान अपने गांव से प्रखंड मुख्यालय बाजार आने के लिए निकला था। इसी दौरान जोकीपोखर के पास विपरीत दिशा से आ रहे माइंस वाहन की चपेट में आ गया। बताया गया कि माइंस वाहन बनारी की ओर जा रहा था। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल युवक को इलाज के लिए ले जाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी मौत हो गई।
युवक की मौत की खबर फैलते ही गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं, हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश भी देखने को मिला।
मुआवजे की मांग पर सड़क जाम
मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर रांची-महुआडांड़ मुख्य मार्ग जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। यात्री वाहनों के साथ-साथ नेतरहाट आने-जाने वाले पर्यटक भी जाम में फंस गए।
ग्रामीणों का कहना था कि मृतक परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए आश्रितों को उचित मुआवजा और आवश्यक सहायता मिलनी चाहिए। करीब छह घंटे तक सड़क जाम रहने से राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
थाना प्रभारी ने की लगातार वार्ता
जाम की सूचना मिलते ही नेतरहाट थाना प्रभारी राजन अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति को संभालते हुए मृतक के परिजनों और ग्रामीणों से लगातार बातचीत की। थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया और यातायात व्यवस्था सामान्य करने की अपील की।
हालांकि शुरुआती दौर में ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे और सड़क से हटने को तैयार नहीं हुए। इसके बाद थाना प्रभारी के लगातार प्रयास और समझाइश के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त करने पर सहमति जताई।
करीब छह घंटे बाद मुख्य मार्ग पर आवागमन बहाल हुआ। जाम खुलने के बाद सड़क के दोनों ओर खड़े वाहनों को आगे बढ़ाया गया और यातायात सामान्य हुआ।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। दुर्घटना में शामिल माइंस वाहन के संबंध में भी आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है।
राजमोहन किसान की असमय मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, सिरसी सहित आसपास के गांवों में भी शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक के परिवार को उचित मुआवजा दिलाने के साथ-साथ सड़क पर भारी वाहनों के परिचालन को लेकर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
रिपोर्ट : रामप्रवेश गुप्ता


