गिरिडीह में निकली लव-कुश जयंती की भव्य शोभायात्रा, हजारों लोग हुए शामिल

गिरिडीह कुशवाहा संघ की ओर से लव-कुश जयंती समारोह के अवसर पर 30 अगस्त को शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में कुशवाहा समाज के हजारों की संख्या में महिला, पुरुष व बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लिया। भगवान श्रीराम के पुत्र लव-कुश की जयंती को लेकर पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा। इस दौरान मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम और लव कुश के जयकारों से पूरा शहर गुंजायमान हो उठा।
शोभायात्रा का शुभारंभ गिरिडीह झंडा मैदान से किया गया। आयोजन के दौरान भगवान लव-कुश से जुड़ी झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। शोभायात्रा झंडा मैदान से टावर चौक होते हुए जननायक रीतलाल वर्मा चौक पहुंची जहां जननायक रीतलाल वर्मा की आदमकद प्रतिमा पर पुष्प एवं माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद शोभायात्रा निर्धारित मार्ग से होते हुए सिहोडीह स्थित कुशवाहा छात्रावास भवन पहुंचेगी, जहां लव-कुश जयंती का मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा।
समाज के लोगों ने पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होकर शोभायात्रा की शोभा बढ़ाई। शहर के विभिन्न स्थानों पर लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत भी किया। कुशवाहा समाज के कार्यकारी जिलाध्यक्ष मुन्ना कुशवाहा ने कहा कि लव-कुश जयंती समाज के लिए गौरव और प्रेरणा का अवसर है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज के लोगों को अपनी संस्कृति, परंपरा और इतिहास से जुड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि समाज की एकजुटता और सामाजिक विकास के लिए सभी को मिलकर कार्य करने की आवश्यकता है।
शोभा यात्रा में दिगंबर प्रसाद, दिवाकर, मुन्ना कुशवाहा, संरक्षक तिलक महतो, मनोज कुमार वर्मा, रामदेव वर्मा, सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा, विनोद कुमार वर्मा, हरिनंदन प्रसाद, रामचंद्र प्रसाद समेत कई पदाधिकारी एवं समाज के हजारों की संख्या में महिला, पुरुष व बच्चे मौजूद रहे।