नेपाल में बाढ़ के बीच इंफोसिस के CEO लापता, कंपनी ने कहा- सुरक्षा को लेकर चिंतित

नेपाल में आई भीषण बाढ़ और फ्लैश फ्लड के बीच देश की दिग्गज आईटी कंपनी इंफोसिस पब्लिक सर्विसेज के सीईओ से संपर्क नहीं हो पा रहा है। कंपनी ने शुक्रवार को बताया कि उसकी सब्सिडियरी इंफोसिस के सीईओ गोपिसेट्टी नेपाल गए हुए थे और अभी फिलहाल पहुंच से बाहर हैं। इंफोसिस ने कहा कि इस समय कंपनी का फोकस गोपिसेट्टी की सुरक्षा और उनका हाल जानना है। कंपनी संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर जानकारी जुटाने और उनसे संपर्क स्थापित करने की कोशिश कर रही है। कंपनी के मुताबिक, लैक्स गोपीसेट्टी नेपाल में व्यक्तिगत यात्रा पर गए थे। उनका वहां जाना कंपनी के किसी आधिकारिक काम से जुड़ा नहीं था। इंफोसिस ने एक बयान में कहा कि वो स्थिति पर नजर बनाए हुए है और एजेंसियों के साथ संपर्क में भी हैं। कंपनी ने गोपिसेट्टी के परिवार से भी लगातार संपर्क बनाए रखा है और इस मुश्किल समय में उन्हें हर संभव सहायता दे रही है।