पोल्ट्री फार्म में लाखों की चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार; चोरी का सामान बरामद

गिरिडीह। जिले के हिरोडीह थाना क्षेत्र के बरवाबाद गांव स्थित इरफान अंसारी के पोल्ट्री फार्म से लाखों रुपये मूल्य के सामान की चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए चोरी गया पानी का मोटर, इन्वर्टर, स्टेपलाइजर, दो कूलर और एक बैट्री बरामद की है। चोरी में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने जब्त किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 26 अगस्त 2026 को पोल्ट्री फार्म से सामान चोरी होने की सूचना हिरोडीह थाना पुलिस को मिली थी। मामले को लेकर थाना कांड संख्या 117/2026 दर्ज किया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर खोरीमहुआ पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए बरवाबाद गांव निवासी करीब 33 वर्षीय किरणदेव यादव, पिता हरीश यादव को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पोल्ट्री फार्म से चोरी किए गए सामानों को बरामद किया गया। बरामद सामानों में जेट मोटर, इन्वर्टर, स्टेपलाइजर, दो कूलर और एक बैट्री शामिल है। वहीं, चोरी की घटना में इस्तेमाल की गई होंडा साइन मोटरसाइकिल संख्या जेएच-11एएम-3753 को भी जब्त किया गया है।