झारखंड कैबिनेट की बैठक आज, JPSC पुनर्गठन समेत कई प्रस्तावों पर हो सकता है फैसला
झारखंड कैबिनेट की बैठक आज, JPSC पुनर्गठन समेत कई प्रस्तावों पर हो सकता है फैसला
रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में आज राज्य कैबिनेट की बैठक होगी। बैठक में JPSC के पुनर्गठन से जुड़े प्रस्ताव पर चर्चा और निर्णय होने की संभावना है। कार्मिक विभाग ने आयोग के अध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति से संबंधित प्रस्ताव कैबिनेट को भेजा है। इसके साथ ही JPSC और JSSC में आंतरिक निगरानी प्रकोष्ठ गठित करने के प्रस्ताव पर भी विचार किया जा सकता है। दोनों आयोगों की CGL परीक्षाओं में सामने आई कथित अनियमितताओं को देखते हुए परीक्षा प्रक्रिया और निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने पर सरकार विचार कर रही है।
बैठक में परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ियों की जांच के लिए सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में कमेटी गठित करने का प्रस्ताव भी रखा जा सकता है। इसके अलावा झारखंड विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने पर भी कैबिनेट में निर्णय संभावित है। प्रस्तावित विशेष सत्र एक या दो दिन का हो सकता है, जिसमें खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक यानी MMDR बिल पर चर्चा किए जाने की संभावना है।

