कारगिल शहीद स्मारक पार्क की मरम्मत और रंग-रोगन की मांग, डीसी को सौंपा ज्ञापन
कारगिल शहीद स्मारक पार्क पोल-पोल की मरम्मती एवं रंग-रोगन कराना अत्यंत आवश्यक : पूर्व सैनिक बृजेश कुमार शुक्ला।
आज कारगिल शहीद स्मारक पार्क पोल-पोल की मरम्मती एवं रंग-रोगन कराने को लेकर उपायुक्त पलामू को ज्ञापन सौंपा। ज्ञात हो कि कारगिल युद्ध के दौरान देश की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले कारगिल शहीद युगम्बर दीक्षित एवं हवलदार प्रबोध महतो की पावन स्मृति में पोल-पोल स्थित कारगिल शहीद स्मारक पार्क का निर्माण जिला प्रशासन के द्वारा वर्ष 2016 में कराया गया है। जहां पर जिले के पूर्व सैनिकों द्वारा कारगिल विजय दिवस (26 जूलाई), भारत-पाक युद्ध विजय दिवस (16 दिसम्बर), युगम्बर दीक्षित शहादत दिवस (23 जून), हवलदार प्रबोध महतो शहादत दिवस (06 सितम्बर), राष्ट्रीय पर्व 15 अगस्त एवं 26 जनवरी मनाया जाता है। निर्माण के बाद अभी तक न तो उसकी मरम्मती हुई न ही उसका रंग रोगन हुआ। जिससे स्मारक बदहाल स्थिति में है। इस संबंध में पूर्व सैनिक बृजेश कुमार शुक्ला ने उपायुक्त, पलामू को ज्ञापन सौंपकर स्मारक पार्क की आवश्यक मरम्मती, रंग रोगन एवं सौंदर्यीकरण कराने का आग्रह किया। कारगिल शहीद स्मारक हमारे वीर जवानों के अदम्य साहस, शौर्य एवं बलिदान का प्रतीक है। ऐसे पवित्र एवं ऐतिहासिक स्थल का रखरखाव बेहतर तरीके से होना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी शहीदों के बलिदान से प्रेरणा ले सकें। उपायुक्त महोदय ने इस महत्वपूर्ण विषय को गंभीरता से लेते हुए मरम्मती एवं रंग रोगन करने का भरोसा दिलाया।





