कानून की जानकारी से अपराध पर लगेगी लगाम, महिला थाना प्रभारी ने बच्चों को किया जागरूक
कानून की जानकारी से अपराध पर लगेगी लगाम, स्कूली बच्चों को महिला थाना प्रभारी ने किया जागरूक
हुसैनाबाद, पलामू :पुलिस अधीक्षक, पलामू के निर्देश पर सोमवार, 24 अगस्त को महिला थाना प्रभारी मुन्नी कुमारी ने राजकीयकृत उर्दू मध्य विद्यालय, हुसैनाबाद में छात्र-छात्राओं के बीच जागरूकता अभियान चलाया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को नए आपराधिक कानूनों, साइबर अपराध और महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी देना था।
इस दौरान महिला थाना प्रभारी ने नए आपराधिक कानून में हुए बदलाव और महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए सोशल मीडिया के सही और गलत इस्तेमाल के प्रति बच्चों को सचेत किया। उन्होंने गुड टच-बैड टच, छेड़खानी, घरेलू हिंसा और साइबर फ्रॉड से बचाव के उपाय भी बताए।
उन्होंने कहा कि किसी भी घटना या संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए, बल्कि तत्काल पुलिस को इसकी सूचना देनी चाहिए। बच्चों को यह भी बताया गया कि किसी अपराध की स्थिति में कानूनी कार्रवाई किस प्रकार की जाती है।
कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तरी के माध्यम से भी छात्र-छात्राओं की भागीदारी सुनिश्चित की गई। महिला थाना प्रभारी ने बच्चों को सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक इस्तेमाल करने और अनजान लिंक, कॉल व ऑनलाइन लालच से सावधान रहने की सलाह दी।उन्होंने कहा कि कानून की जानकारी और जागरूकता अपराध से बचाव का सबसे मजबूत हथियार है। जागरूक बच्चे न सिर्फ खुद को सुरक्षित रख सकते हैं, बल्कि अपने परिवार और समाज को भी साइबर अपराध एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

