ईद-ए-मिलाद-उन्नबी को लेकर गिरिडीह नगर थाना में शांति समिति की बैठक
गिरिडीह। नगर थाना प्रभारी के कार्यालय प्रकोष्ठ में ईद-ए-मिलाद-उन्नबी 2026 को शांतिपूर्ण तरीके से मनाए जाने को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह ने की और इसमें जनप्रतिनिधि, शांति समिति के सदस्य तथा प्रबुद्ध नागरिक शामिल हुए।
थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह ने संबोधन में कहा कि त्योहारों का उद्देश्य समाज में आपसी प्रेम, एकता और भाईचारे को बढ़ावा देना है। उन्होंने पुलिस-प्रशासन की ओर से त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूर्ण सतर्कता बरतने का भरोसा दिलाया और लोगों से सहयोग की अपील की। विशेष तौर पर उन्होंने सोशल मीडिया पर फर्जी सूचनाओं और आपत्तिजनक टिप्पणियों से बचने का आग्रह किया और कहा कि कोई भी संदिग्ध जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।
बैठक में यह भी तय हुआ कि जुलूस एवं धार्मिक आयोजनों के दौरान सभी आयोजक समितियों के अध्यक्ष व सचिव व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभायेंगे। असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। उपस्थित नागरिकों और प्रतिनिधियों ने प्रशासन व पुलिस को त्योहार को शांतिपूर्ण रूप से संपन्न कराने में हर प्रकार का सहयोग देने का आश्वासन दिया।

