जपला स्टेशन पर ट्रेन में अचेत मिला 24 वर्षीय यात्री, RPF ने अस्पताल पहुंचाया

पलामू: ट्रेन में अचेत मिला 24 वर्षीय यात्री, RPF ने अस्पताल में कराया भर्ती
चिकित्सकों ने प्रथम दृष्टया यात्री को मिर्गी की बीमारी से पीड़ित बताया. हुसैनाबाद/डेस्क: डेहरी ऑन सोन से बरकाकाना जा रही सवारी गाड़ी में जपला रेलवे स्टेशन पर कल शनिवार को एक यात्री अचेत अवस्था में मिला. सूचना मिलने पर जपला आरपीएफ जपला पोस्ट की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यात्री को ट्रेन से उतारा और अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया.

गाड़ी संख्या 53358 डाउन के कोच संख्या NW-134675 GS में एक यात्री के अचेत होने की सूचना डिप्टी एसएस जपला की ओर से मेमो के माध्यम से दी गई थी. सूचना मिलते ही आरपीएफ के उप निरीक्षक रामनरेश राम स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे. स्टेशन पर तैनात पोर्टर उपेंद्र कुमार पाल के सहयोग से स्ट्रेचर की व्यवस्था की गई और निजी वाहन से यात्री को अस्पताल पहुंचाया गया.

मिर्गी की बीमारी से पीड़ित था यात्री

अस्पताल में चिकित्सकों ने यात्री का प्राथमिक उपचार शुरू किया. उपचार के दौरान यात्री ने अपनी पहचान बिहार के रोहतास जिले के सूरजपुरा थाना अंतर्गत अगड़ेर कला निवासी अरुण कुमार दुबे के 24 वर्षीय पुत्र दिव्यांश कुमार दुबे के रूप में हुई है. चिकित्सकों ने प्रथम दृष्टया यात्री को मिर्गी की बीमारी से पीड़ित बताया.

इधर आरपीएफ ने यात्री के पिता को फोन कर घटना की जानकारी दी. पिता ने बताया कि उनके बेटे को पहले से मिर्गी की बीमारी है और वे जल्द अस्पताल पहुंच रहे हैं. इस बीच उनके परिचित सिद्धार्थ दुबे, जो सीआईएसएफ जवान हैं और जपला के रहने वाले हैं, अस्पताल पहुंच गए.

यात्री की देखरेख के लिए आरपीएफ आरक्षी पुष्पेंद्र कुमार श्रीवास्तव को परिजनों के पहुंचने तक अस्पताल में तैनात किया गया है. परिजनों के पहुंचने के बाद यात्री को उनके सुपुर्द किया जाएगा. आरपीएफ की तत्परता से अचेत यात्री को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उपचार उपलब्ध कराया गया