गांडेय में इनसाईट प्रोग्राम का शुभारंभ, 100 लाभुकों को बांटे गए चश्मे

गांडेय में इनसाईट प्रोग्राम का शुभारंभ, 100 लाभुकों को बांटे गए चश्मे

गिरिडीह। जिला प्रशासन और THE/NUDGE संस्था के संयुक्त तत्वावधान में गांडेय प्रखंड में इनसाईट प्रोग्राम का उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। उपायुक्त रामनिवास यादव ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी अनिता कुजूर, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अंजना भारती, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कौशिक अप्पू, गांडेय के बीडीओ, सीओ, प्रखंड प्रमुख, स्थानीय जनप्रतिनिधि समेत कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

उद्घाटन समारोह के दौरान जिला प्रशासन और THE/NUDGE संस्था के सहयोग से करीब 100 लाभुकों को नजदीकी दृष्टि सुधार के लिए चश्मे वितरित किए गए। उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि स्पष्ट दृष्टि का सीधा संबंध पढ़ाई, कार्यक्षमता और आय से है। उन्होंने कहा कि नजदीक की नजर साफ होने से बेहतर पढ़ाई, बेहतर काम और बेहतर कमाई की राह आसान होती है।

उपायुक्त ने जनहित से जुड़ी ऐसी पहलों को प्राथमिकता देने का आश्वासन दिया। उन्होंने विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन की पहल की भी सराहना की। विधायक अपरिहार्य कारणों से कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सकीं।

कार्यक्रम के दौरान समाज कल्याण विभाग के तहत चयनित 6 लाभुकों का गोद भराई कार्यक्रम उपायुक्त के हाथों संपन्न कराया गया। इसके अलावा 5 बच्चों का अन्नप्राशन भी कराया गया।

अधिकारियों ने बताया कि इन गतिविधियों का उद्देश्य मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण तथा प्रारंभिक बाल विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम लक्षित लाभुक तक पहुंचाना है।

जिला प्रशासन के अनुसार, यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में दृष्टि स्वास्थ्य सुधार के साथ शिक्षा, रोजगार और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। अभियान को आगे व्यापक जनभागीदारी के साथ संचालित करने की बात कही गई।