शाहपुर में घर तोड़ने का आरोप, 20-25 परिवारों ने एसपी से लगाई सुरक्षा की गुहार

शाहपुर में घर तोड़े जाने का आरोप, 20-25 परिवारों ने लगाई सुरक्षा की गुहार

भाकपा जिला सचिव रुचिर तिवारी के साथ एसपी आवास पहुंचे लोग, अपराधी तत्वों पर कार्रवाई की मांग

मेदिनीनगर, पलामू : चैनपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर स्थित गिनी मोहल्ला में कथित तौर पर घर में तोड़फोड़, मारपीट और जान से मारने की धमकी से परेशान 20 से 25 परिवारों ने शनिवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के जिला सचिव सह डालटनगंज विधानसभा के पूर्व विधायक उम्मीदवार रुचिर कुमार तिवारी से उनके आवास पर मुलाकात कर जान-माल और संपत्ति की सुरक्षा की गुहार लगाई। पीड़ितों की शिकायत सुनने के बाद तिवारी उन्हें लेकर पलामू के आरक्षी अधीक्षक के आवास पहुंचे, जहां कार्यालय स्तर से बातचीत के बाद लोगों का आवेदन लिया गया।
भाकपा जिला सचिव रुचिर तिवारी ने आरोप लगाया कि शाहपुर के गिनी मोहल्ला में कुछ आपराधिक तत्वों द्वारा सोनी बीवी के घर में जबरन तोड़फोड़ कर सामान बाहर फेंकने और मकान को ध्वस्त करने की साजिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस दौरान मारपीट और जान से मारने की धमकी दिए जाने की भी शिकायत सामने आई है। उनका दावा है कि मामले को लेकर पीड़ित लोग चैनपुर थाना पहुंचे, लेकिन थाना प्रभारी ने कथित रूप से आवेदन लेने से इनकार कर दिया।तिवारी के अनुसार, पीड़िता ने डीएसपी राजेश यादव के समक्ष भी आवेदन दिया, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से परिवारों में भय का माहौल है। उन्होंने कहा कि घर में रहने वाले परिवार छोटे-छोटे बच्चों के साथ असुरक्षा की स्थिति में हैं और कार्रवाई की उम्मीद में एसपी के समक्ष पहुंचे हैं।
भाकपा नेता ने पुलिस प्रशासन से पीड़ित परिवारों की तत्काल सुरक्षा सुनिश्चित करने, घर और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की कथित कोशिश पर रोक लगाने तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई और कोई अप्रिय घटना घटती है, तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित थाना प्रशासन की होगी।उन्होंने चैनपुर थाना प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि थाना स्तर पर आम लोगों की शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। भाकपा ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर पीड़ित परिवारों को तत्काल राहत और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।